हसेरन मे दो हाई मास्क लाइट खराब रामलीला मैदान में छाया अंधेरा 10 अक्टूबर से होगी रामलीला की शुरुआत
हसेरन में दो हाई मास्क लाइट खराब, रामलीला मैदान में छाया अंधेरा
रामलीला शुरू होने से पहले लाइट ठीक कराने की मांग, जिम्मेदारों का ध्यान नहीं
हसेरन। कस्बा हसेरन में सार्वजनिक स्थानों पर लगी दो हाई मास्क लाइट लंबे समय से खराब पड़ी हैं। रामलीला मैदान में करीब तीन माह से हाई मास्क लाइट खराब होने के कारण रात के समय अंधेरा छाया रहता है। वहीं हसेरन तिराहे पर लगी हाई मास्क लाइट भी करीब दो माह से खराब पड़ी है।रामलीला मैदान में पिछले करीब 80 वर्षों से लगातार रामलीला का आयोजन होता आ रहा है। इस वर्ष रामलीला का शुभारंभ 10 अक्टूबर से होना है। ऐसे में मैदान में लगी हाई मास्क लाइट खराब होने से आयोजन के दौरान लोगों को परेशानी होने की आशंका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से लाइट खराब होने के बावजूद अभी तक इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।गांव के निवासी गोपाल चंद्र गुप्ता ने बताया कि रामलीला का आयोजन 10 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। मैदान में हाई मास्क लाइट खराब होने के कारण रात में अंधेरा रहता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल्द लाइट ठीक कराने की मांग की है।इस संबंध में खंड विकास अधिकारी राम सिंह से बात की गई। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत अधिकारी को जानकारी देकर हाई मास्क लाइट को जल्द से जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि रामलीला आयोजन के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।



