नालियों में जमा गंदगी की हुई सफाई, लोगों ने ली राहत की सांस


प्रधान प्रतिनिधि व सचिव की मौजूदगी में जेसीबी और सफाई कर्मचारियों ने चलाया विशेष सफाई अभियान
हसेरन। कस्बा हसेरन के सदर बाजार में कई दिनों से नालियों में जमा गंदगी और कीचड़ से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नालियां कचरे से पूरी तरह पटी होने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई थी। मोहल्लेवासियों की शिकायत के बाद रविवार सुबह ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामचंद्र शाक्य और ग्राम पंचायत सचिव ओम प्रकाश यादव की मौजूदगी में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।सफाई कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर की मदद से नालियों में जमा गंदगी व कीचड़ को बाहर निकलवाया। इसके बाद कचरे को ट्रैक्टर में भरकर गांव के बाहर ले जाकर डलवाया गया। सुबह से ही सफाई कर्मचारियों की टीम नालियों की साफ-सफाई में जुटी रही।ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामचंद्र शाक्य ने बताया कि नालियों की सफाई के बाद दवा का छिड़काव भी कराया जाएगा, ताकि नालियों में पनपने वाले मच्छरों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और लोगों को गंदगी व मच्छरों से राहत मिल सके।सफाई अभियान के बाद सदर बाजार के लोगों ने राहत की सांस ली और पंचायत के इस कदम की सराहना की।


