केक काटकर धूमधाम से मनाया शिक्षक दिवस
• राजकीय महाविद्यालय अनौगी में छात्र- छात्राओं ने शिक्षकों को भेंट किए उपहार

जलालाबाद, कन्नौज। शिक्षक दिवस के अवसर पर ब्लॉक क्षेत्र के अनौगी स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। महाविद्यालय के प्रथम प्राचार्य स्व. सतीश चंद्र ओझा के चित्र पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। पीजी कोर्स प्रभारी डॉ. शिप्रा वर्मा ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम के सफल आयोजन पर बधाई दी। चीफ प्रॉक्टर डॉ. संजय कुमार सिंह ने शिक्षक दिवस को भारत की प्राचीन परंपराओं से जोड़ते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। वोकेशनल कोर्स प्रभारी डॉ. नागेंद्र सिंह ने शिक्षक एवं शिक्षा के महत्व पर विचार रखे। मिशन शक्ति प्रभारी डिंपल कुशवाहा ने शिक्षक, शिक्षा और शिक्षालय को मानव जीवन के लिए सर्वोपरि बताया। प्राचार्य डॉ. हेमेंद्र सिंह ने कहा कि मानव जीवन में शिक्षक का महत्व सबसे अधिक है। समाज, देश और मानवता के कल्याण में शिक्षक की भूमिका अहम होती है। छात्रा अंजलि और छात्र बृजेश ने मंच संचालन किया। इसके बाद केक काटकर शिक्षक दिवस मनाया गया। छात्र- छात्राओं ने शिक्षकों को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न एवं भेंट देकर उनका आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में मनु, रहनुमा, मुस्कान, शालिनी, खुशाल, मानेंद्र, संबेश, रवि सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

