छात्राओं को बताए यातायात नियम, हेलमेट और सीट बेल्ट के फायदे

• कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में यातायात जागरूकता अभियान का आयोजन, टीएसआई ने सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

कन्नौज। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नवंबर माह के अंतिम दिनों में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय नगर क्षेत्र में यातायात जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इसमें टीएसआई अरशद अली ने छात्राओं को यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी यातायात शिल्पा वर्मा और प्रभारी यातायात रजनेश यादव के पर्यवेक्षण में प्रधानाचार्या मनीषा सिंह के सहयोग से कार्यक्रम हुआ। टीएसआई अरशद अली ने छात्राओं को सड़क पार करते समय पहले दाएं-बाएं देखने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की महत्ता बताई। उन्होंने बताया कि तीन सवारी बैठाने, शराब पीकर वाहन चलाने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने पर दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही चौराहों पर लाल, पीली और हरी बत्ती के संकेतों की जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं गोल्डी और अनुष्का ने यातायात लाइटों पर आधारित गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। शिक्षिका सुनील कुमारी ने बिना लाइसेंस इलेक्ट्रिक स्कूटी चलाने को लेकर सवाल किया। इस पर टीएसआई ने बताया कि निर्धारित अधिकतम 25 किलोमीटर प्रति घंटा की गति वाली इलेक्ट्रिक स्कूटी 16 वर्ष की आयु से बिना लाइसेंस चलाई जा सकती है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *