आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, डीसीएम चालक की मौत, दो वाहन भी टकराए

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, डीसीएम चालक की मौत, दो वाहन भी टकराए

संजीव प्रजापति
तालग्राम, कन्नौज । आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। झपकी आने के कारण सरसों का तेल लेकर लखनऊ की ओर जा रही डीसीएम आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में डीसीएम चालक केबिन में फंस गया। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक अन्य ट्रक भी डीसीएम से टकरा गया। वहीं, ओवरटेक करने के प्रयास में एक कार भी ट्रक के साइड में जा भिड़ी। हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई, जबकि छह लोग बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, मैनपुरी जिले के थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव सोथरा निवासी अवधेश चंद्र (28) डीसीएम में सरसों का तेल लादकर लखनऊ की ओर जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मुंडाला गांव के पास अचानक झपकी आने से उनकी डीसीएम आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक अवधेश केबिन में फंस गए। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रक भी डीसीएम से टकरा गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।इस दौरान गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र के लाजपत नगर निवासी राजेंद्र कुमार अग्रवाल पुत्र चंद्रप्रकाश अग्रवाल की कार भी ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रक के साइड से टकरा गई। कार में थाना मंसूरी क्षेत्र के गंगापुरम निवासी विकास चौरसिया, राधा चौरसिया, ललित कुमार और राहुल भी सवार थे। हादसे में कार सवार लोग बाल-बाल बच गए।घटना की सूचना मिलते ही यूपीआईडीए के सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया, थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय तथा फायर सर्विस तालग्राम के कर्मचारी रामनिवास और सर्वेश सिंह मौके पर पहुंच गए। काफी प्रयास के बाद केबिन में फंसे चालक अवधेश को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज एंबुलेंस से भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से एक्सप्रेसवे से हटवाकर किनारे खड़ा कराया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि डीसीएम मालिक और मृतक चालक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *