डबल मर्डर का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
• चोरी के इरादे से घर में घुसकर पति-पत्नी की हत्या, दो साल की मासूम को भी किया था घायल, पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म, हत्या के बाद महिला से किया था दुष्कर्म

कन्नौज। कस्वा गुरसहायगंज के पुराने पीएचसी परिसर स्थित सरकारी आवास में हुए पति-पत्नी के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। घटना में शामिल 23 वर्षीय आरोपी योगेश राजपूत उर्फ पंगा को पुलिस ने कसारी जंगल में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, पांच नवंबर को आवास में संजीव कठेरिया (35) और उनकी पत्नी शिखा (32) के शव मिले थे, जबकि दो साल की बेटी तान्या घायल अवस्था में पड़ी थी। संजीव रेलवे स्टेशन पर टिकट बिक्री का काम करते थे। मामले में पुलिस की पांच टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर भोजापुर निवासी योगेश को चिह्नित किया। रविवार दोपहर 2:42 बजे कसारी जंगल में घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसके पास से तमंचा, तीन कारतूस और तीन खोखे बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने चोरी के इरादे से घर में घुसने, संजीव की डंडे से पीटकर और शिखा की दुपट्टे से गला कसकर हत्या करने की बात स्वीकार की। उसने मासूम को भी घायल किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म भी किया। उसके कब्जे से चोरी किए गए रुपये, एटीएम कार्ड और हत्या में प्रयुक्त डंडे की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले का खुलासा करते हुए एसपी विनोद कुमार ने बताया आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमों का गठन किया गया था, आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है, आगे विधिक कार्यवाई की जा रही है।

