ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
• जिला युवा अधिकारी ने विजेताओं को मेडल व शील्ड देकर किया सम्मानित
कन्नौज। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित ‘मेरा युवा भारत’ संगठन के तत्वावधान और यूनिटी फाउंडेशन क्लब कन्नौज के संयोजन में कन्नौज पब्लिक स्कूल के खेल मैदान पर ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल, कबड्डी सहित विभिन्न व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं के विकास के लिए सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही युवाओं को डिजिटल माध्यमों से जुड़कर योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय अनौगी के प्राचार्य डॉ. हेमेन्द्र सिंह ने खिलाड़ियों और छात्र-छात्राओं को खेलों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। प्रतियोगिताओं के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जबकि विजेता टीमों और व्यक्तिगत स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद खिलाड़ियों और छात्र-छात्राओं को लंच पैकेट वितरित किए गए।


