बाल मेले में बच्चों के स्टॉल ने मोहा मन
• बाल दिवस पर बीजेपी मेमोरियल इंटर कॉलेज में हुआ आयोजन, बच्चों को फल और मिठाई बांटी
समधन, कन्नौज। बाल दिवस के अवसर पर बाबू जागेश्वर प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज, जीटी रोड तेराजाकेट एवं पलेटूपुरवा रसूलपुर में शनिवार को बाल मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद केक काटकर बच्चों ने बाल दिवस की खुशियां मनाईं। मेले में बच्चों ने विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए। बच्चों की रचनात्मकता और हुनर से सजे स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ व्यापारिक गतिविधियों की जानकारी भी हासिल की। आयोजन से उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वावलंबन की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को फल एवं मिठाई वितरित की गई। विद्यालय प्रबंधक अशोक कुमार और प्रबंध निदेशक अमित कुमार यादव ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। शिक्षा के साथ उनमें संस्कार, रचनात्मकता और व्यवहारिक ज्ञान विकसित करना भी जरूरी है। ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। इस मौके पर उपप्रधानाचार्य बैजनाथ सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक- शिक्षिकाएं मौजूद रहे।


