पूजा- अर्चना के साथ रामलीला का शुभारंभ, कल निकलेगी श्रीराम की बारात
• 44वें वार्षिक सांस्कृतिक समारोह में पहले दिन हुआ नारद मोह लीला का मंचन

जलालाबाद, कन्नौज। कस्बे में शुक्रवार को श्री रामचरितमानस अखिल चेतना मंच की ओर से 44वें वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ विधि- विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बार एशोसिएशन अध्यक्ष रामेंद्र त्रिवेदी और एडवोकेट कृष्णकांत यादव ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर और फीता काटकर किया। इस मौके पर रामेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, दर्शन और परंपरा का अनूठा प्रतीक है। रामायण के पात्रों के माध्यम से समाज को नैतिकता, आदर्श और सकारात्मक जीवन का संदेश मिलता है। वहीं एडवोकेट कृष्णकांत यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन चरित्र सभी के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने पिता की आज्ञा का पालन करते हुए 14 वर्ष का वनवास स्वीकार किया और रावण का वध कर अधर्म पर धर्म की विजय स्थापित की। उन्होंने लोगों से रामलीला आयोजन में तन-मन से सहयोग करने की अपील की, जिससे वर्षों पुरानी परंपरा आगे भी कायम रहे। इससे पहले रामलीला कमेटी के शिवओम तिवारी (श्यामू) ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। रामलीला के पहले दिन नारद मोह लीला का मंचन किया गया। कार्यक्रम में अनिल दुबे, सतेंद्र दुबे, सुनील श्रीवास्तव, ऋषभ शुक्ला, पीयूष दुबे, कमलकांत कटियार, सचिन मिश्रा, सोनम तिवारी, अमन तिवारी, आंशु शर्मा और शुभम दुबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कमेटी के कोषाध्यक्ष हिमांशु दुबे ने बताया कि रविवार को आकर्षक झांकियों के साथ मर्यादापुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली जाएगी।

