भाई दूज पर सलाखों के बीच भाइयों पर बहनों का उमड़ा प्यार
जेल में 392 बहनों ने 205 पुरुष बंदियों से मुलाक़ात कर मनाया पर्व, जेल प्रसाशन की ओर से किए गए विशेष इंतजाम
जलालाबाद, कन्नौज। भाई बहन के प्रेम व सौहार्द के प्रतीक पर्व भैया दूज बुधवार को परंपरागत उल्लास से मनाया गया। घरों में जहां बहनों ने अपने भाईयों का तिलक कर उन्हें लंबी उम्र, सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया। वहीं क्षेत्र के अनौगी स्थित जिला कारागार कन्नौज में निरूद्ध बंदियों की बहनों ने भी अपने भाई से मुलाकात कर त्योहार मनाया। कारागार में 392 महिला मुलाकातियों ने 205 पुरूष बंदियों से मुलाकात करायी गयी जबकि एक महिला बंदी से दो भाई भी मिलने आये वहीं बहनों ने भाईयों को तिलक लगाकर कर उनके सुखमय जीवन और लंबी उम्र की कामना की। जेल प्रशासन ने बंदियों के साथ भैया दूज मनाने के लिए आने वाली बहनों को सुविधा उपलब्ध कराई। पूजा व तिलक के लिए आवश्यक सामग्री दिलाने में सहयोग किया। जेल अधीक्षक जे पी द्विवेदी ने बताया कि बहनों ने भैया दूज पर जेल में निरूद्व अपने भाईयों को तिलक लगाकर खुशियां साझा की। जेल अधीक्षक द्वारा पर्यवेक्षण कर महिला मुलाकातियों से भी वार्ता कर मुलाकात में किसी भी प्रकार की होेने वाली समस्याओं के सम्बन्ध में पूछताछ की गयी। जेल प्रशासन की ओर से व्यवस्थित तरीके से बंदियों से मुलाकात का इंतजाम किया गया। इस दौरान कारापाल रविंद्र नाथ, अजय कमार, उपकारापाल उर्मिला सिंह, सहित प्रशासनिक कर्मचारी रहे।


