रंगोलियों के रंगों से बच्चों ने दिया स्वच्छता और खुशहाली का संदेश
• पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय जसपुरापुर सरैया प्रथम में दीपावली पर सजी आकर्षक रंगोलियां, शिक्षकों ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
जलालाबाद, कन्नौज। दीपावली के पावन पर्व पर क्षेत्र के पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय जसपुरापुर सरैया प्रथम में बच्चों ने रंग-बिरंगी और आकर्षक रंगोलियां सजाकर स्वच्छता, खुशहाली और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए विभिन्न रंगों से मनमोहक आकृतियां उकेरीं। रंगोलियों से विद्यालय परिसर दीपावली के उल्लास और उमंग से सराबोर हो उठा। इस दौरान बच्चों ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति अपनी रुचि और उत्साह का प्रदर्शन किया। प्रधानाध्यापिका रेनू कमल सहित सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही बच्चों को दीपावली के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बच्चों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पटाखों से होने वाले प्रदूषण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही स्वच्छता अपनाने और आसपास का वातावरण साफ रखने की सीख दी गई। इस अवसर पर जसवीर, सुमन, लोकेन्द्र, सौरभ, पूजा, अंजली, शर्मिला और श्वेता सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।


