छत से गिरकर युवक की मौत, परिजनों में मची चीख पुकार
• रेलिंग न होने से दूसरी मंजिल से गली में गिरा युवक, एक साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
जलालाबाद, कन्नौज। गुरसहायगंज कोतवाली के जसोदा पुलिस चौकी क्षेत्र के भुरजानी गांव में बुधवार रात मकान की दूसरी मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। हादसे से परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव निवासी प्रदीप कुमार (30) पुत्र अमर सिंह यादव बुधवार रात करीब 11 बजे भोजन करने के बाद परिजनों के साथ दूसरी मंजिल पर सोने गए थे। इसी दौरान छत पर रेलिंग न होने के कारण वह अनियंत्रित होकर नीचे गली में गिर गए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक पांच भाइयों में एक थे। उनके भाई वीरेंद्र और अमित खेती करते हैं, जबकि भाई अजवेश उन्नाव में पुलिस कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। प्रदीप की पत्नी रिंकी देवी और एक साल की बेटी अदिति है। पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठने से गांव में भी शोक की लहर है।


