परीक्षार्थी को बाइक से परीक्षा केंद्र पहुंचाकर पेश की मानवता की मिसाल
• ट्रेन लेट होने से परेशान छात्रा की टीएसआई ने की मदद, आरक्षी जय हिंद ने समय रहते उमर्दा पहुंचाया
कन्नौज। रविवार को पीईटी परीक्षा के दौरान यातायात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक परीक्षार्थी की परीक्षा छूटने से बचा ली। ट्रेन लेट होने के कारण परेशान छात्रा को आरक्षी ने अपनी बाइक से परीक्षा केंद्र पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की। रविवार सुबह छह बजे से टीएसआई अरशद अली अपनी टीम के साथ सरायमीरा बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 9:05 बजे फर्रुखाबाद जिले की एक छात्रा उनके पास पहुंची। उसने बताया कि उसकी पहली पाली की परीक्षा राजकीय इंटर कॉलेज उमरदा, इंदरगढ़ में है, लेकिन ट्रेन लेट होने के कारण वह समय पर नहीं पहुंच पा रही है। छात्रा की परेशानी सुनकर टीएसआई ने कई ऑटो चालकों से संपर्क किया, लेकिन सभी ने कम समय में उमरदा पहुंचना असंभव बताया। इसके बाद टीएसआई ने ड्यूटी पर तैनात आरक्षी यातायात जय हिंद से छात्रा को परीक्षा केंद्र पहुंचाने का आग्रह किया। आरक्षी तत्काल बाइक से छात्रा को लेकर रवाना हो गए और समय रहते उसे परीक्षा केंद्र पहुंचा दिया। इससे छात्रा को परीक्षा में शामिल होने का मौका मिल गया। पुलिसकर्मियों की इस तत्परता की सराहना हो रही है।


