यातायात पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल, बाइक से परीक्षार्थी को पहुंचाया परीक्षा केंद्र
यातायात पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल, बाइक से परीक्षार्थी को पहुंचाया परीक्षा केंद्र
संजीव प्रजापति
कन्नौज। रविवार को आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के दौरान यातायात पुलिस ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। ट्रेन लेट होने के कारण परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशान एक छात्रा की मदद के लिए यातायात पुलिसकर्मी ने अपनी मोटरसाइकिल से उसे परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया, जिससे वह समय रहते परीक्षा में शामिल हो सकी। जानकारी के अनुसार, रविवार को पीईटी परीक्षा को लेकर यातायात उपनिरीक्षक (टीएसआई) अरशद अली अपने अन्य कर्मचारियों के साथ सुबह छह बजे से ही सरायमीरा बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे थे। इसी दौरान सुबह करीब 9:05 बजे एक छात्रा परेशान हालत में उनके पास पहुंची। छात्रा ने बताया कि उसका प्रथम पाली का परीक्षा केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज उमर्दा, इंदरगढ़ में है। ट्रेन लेट होने के कारण वह समय से परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पा रही है। उसने यातायात पुलिस से मदद की गुहार लगाई। छात्रा की परेशानी सुनकर टीएसआई अरशद अली ने तत्काल कई ऑटो चालकों से बात कर उसे उमर्दा पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन कम समय होने के कारण सभी ने पहुंचना असंभव बताया। इसके बाद टीएसआई ने अपने साथ ड्यूटी पर तैनात आरक्षी यातायात जय हिंद से छात्रा को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने का आग्रह किया। आरक्षी जय हिंद ने बिना देर किए छात्रा को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और उमर्दा के लिए रवाना हो गए। उनकी तत्परता और प्रयास से छात्रा समय रहते राजकीय इंटर कॉलेज उमर्दा, इंदरगढ़ स्थित परीक्षा केंद्र पहुंच गई और उसे परीक्षा में शामिल होने का मौका मिल गया यातायात पुलिस के इस सराहनीय कार्य से छात्रा को बड़ी राहत मिली। पुलिसकर्मियों की इस संवेदनशीलता और तत्परता की क्षेत्र में सराहना हो रही है। यह घटना बताती है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर आमजन की मदद के लिए भी तत्पर रहती है।


