तकनीकी शिक्षा से आत्मनिर्भर बनेंगे ग्रामीण क्षेत्र के युवा
• अविका प्राइवेट आईटीआई में उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित, तीन दिवसीय स्काउट- गाइड शिविर शुरू

गुगरापुर, कन्नौज। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से सोमवार को गुगरापुर क्षेत्र के अविका प्राइवेट आईटीआई चांदापुर में उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 26 से 28 अक्टूबर तक चलने वाले तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का भी शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि एवं स्काउट-गाइड के राष्ट्रीय प्रशिक्षक हरि राम यादव, अविका एजुकेशनल ट्रस्ट के निदेशक राजीव कुमार यादव, उपनिदेशक डॉ. अभिषेक शेखर और अविका डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति मौजूद रहे। निदेशक राजीव कुमार यादव ने फिटर, इलेक्ट्रीशियन, सोलर और हेल्थ एंड सेनेटरी इंस्पेक्टर ट्रेड की उपयोगिता बताते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा केवल प्रमाणपत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में कार्यकुशलता और आत्मनिर्भरता विकसित करती है। बदलते दौर में तकनीकी कौशल रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा सकता है। मुख्य अतिथि हरि राम यादव ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समयपालन, सहयोग और सेवा भावना अपनाने की सीख दी। डॉ. अभिषेक शेखर, डॉ. हरिओम प्रजापति और प्रवक्ता आरती पाल ने भी विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

