छात्राओं ने संभाली विद्यालय संचालन की कमान, दीक्षा बनी प्रधानाध्यापिका
• प्राथमिक विद्यालय अलीनगर में मिशन शक्ति के तहत छात्राओं ने निभाई भूमिका

जलालाबाद, कन्नौज। मिशन शक्ति अभियान के छठवें चरण के तहत क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय अलीनगर में छात्राओं को नेतृत्व और जिम्मेदारी निभाने का अवसर दिया गया। कक्षा चार की छात्रा दीक्षा ने प्रधानाध्यापिका की भूमिका निभाते हुए विद्यालय संचालन की कमान संभाली। वहीं, अन्य छात्राओं ने सहायक शिक्षिकाओं की जिम्मेदारी निभाकर विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक संकुल अवधनारायण ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शारदीय नवरात्र के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं के रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत करने के लिए यह गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान छात्राओं ने सबसे पहले दैनिक प्रार्थना और बालसभा का आयोजन कराया। इसके बाद शिक्षकों, रसोइयों और विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज करने, विद्यालय में साफ- सफाई तथा मध्याह्न भोजन (एमडीएम) व्यवस्था का जायजा लेने के साथ कक्षाओं में शिक्षण कार्य भी किया। रेखा, जेवा बानो, संध्या, आकांक्षा, उजाला, रिया, अनुष्का, अश्वी, अंशिका, छाया, आराध्या, मानवी, जागृति और अनाविया मंसूरी ने सहायक शिक्षिकाओं की भूमिका निभाई।

