मिशन शक्ति के तहत छात्राओं और पुलिस टीम ने निकाली जागरूकता रैली

मिशन शक्ति के तहत छात्राओं और पुलिस टीम ने निकाली जागरूकता रैली

तालग्राम, कन्नौज। मिशन शक्ति अभियान के तहत तालग्राम नगर में बृजभूषण जिला भारती इंटर कॉलेज के छात्राओं और थाना पुलिस की टीम ने जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन का संदेश दिया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और छात्र-छात्राओं ने पैदल चलकर नगर के विभिन्न मार्गों से रैली निकाली। रैली में थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय और उपनिरीक्षक प्रीति सेंगर सहित पुलिस टीम मौजूद रही। रैली कॉलेज से निकलकर शिवाला मंदिर होते हुए सब्जी मंडी सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने लोगों को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस की मदद लेने का संदेश दिया। साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने और जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना बढ़ती है और बालिकाओं में आत्मविश्वास मजबूत होता है। रैली के दौरान पुलिस टीम और विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगरवासियों को भी महिला सुरक्षा और जागरूकता का संदेश दिया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *