एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों को दिए निर्देश
• 23 अक्टूबर को होगा मतदान, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने पर जोर

कन्नौज। उत्तर प्रदेश विधान परिषद आगरा खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन- 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक की। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन हॉल में आयोजित बैठक में स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस मजिस्ट्रेट को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा- निर्देशों का अक्षरशः पालन करें। मतदान से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। ड्यूटी पर तैनात कार्मिक अपने दायित्वों को अच्छी तरह समझ लें और निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। एसपी विनोद कुमार ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता और प्रभावी पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय से काम करें और चुनाव को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर नजर रखें। पुलिसकर्मी निष्पक्षता और जिम्मेदारी से ड्यूटी निभाएं, ताकि मतदाता निर्भीक होकर मतदान कर सकें। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व देवेंद्र सिंह, एएसपी अजय कुमार, समस्त क्षेत्राधिकारी तथा संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

