मां जहारा देवी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, बीस हजार श्रद्धालुओं ने टेका माथा
मां जहारा देवी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, बीस हजार श्रद्धालुओं ने टेका माथा
—–भादो मास के दूसरे शनिवार को रोहली में लगा भक्तों का तांता, चार थानों की पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था—-
तालग्राम/कन्नौज। भादो मास के दूसरे शनिवार को रोहली गांव स्थित प्रसिद्ध मां जहारा देवी मंदिर परिसर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह छह बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। मेला प्रबंधक के अनुसार, पूरे दिन करीब बीस हजार श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद मांगा। मेले में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पहुंचे। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर शांतिपूर्वक मां के दर्शन किए। दर्शन के बाद लोगों ने मेला परिसर में लगी दुकानों से जमकर खरीदारी की। सुबह से शाम सात बजे तक मेला परिसर श्रद्धालुओं की भीड़ से खचाखच भरा रहा। मेला प्रबंधक राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस बार मेले में करीब एक लाख श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की ओर से करीब 200 पैकेट अनाज भी एकत्र किया गया।
- चार थानों की पुलिस रही तैनात
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। थाना प्रभारी तालग्राम रंजना पांडेय ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए तालग्राम थाना सहित चार थानों की पुलिस को मेला परिसर में तैनात किया गया था। पुलिसकर्मी लगातार मेला क्षेत्र में गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते रहे।
- बिछड़े बच्चों को माइक से मिलाया परिजनों से
मेले में भीड़ के दौरान यदि कोई बच्चा अपने परिजनों से बिछड़ गया तो पुलिस ने माइक के माध्यम से सूचना प्रसारित कर उसे परिजनों से मिलाने का काम किया। मंदिर की ओर आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया गया और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया गया।
- स्वास्थ्य सेवाएं भी रहीं उपलब्ध
मेला परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध रहीं। पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और मेला प्रबंधन की व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक मां के दर्शन किए और मेले का आनंद उठाया।



