ओवरस्पीडिंग और बिना फिटनेस वाले वाहनों पर चलेगा शिकंजा, अभियान चलाने के निर्देश

• डीएम ने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश, 31 स्कूली वाहनों समेत 48 वाहनों की फिटनेस समाप्त

कन्नौज। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए अब ओवरस्पीडिंग और बिना फिटनेस सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्ती बरती जाए और बिना फिटनेस संचालित वाहनों को सीज किया जाए। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने कहा कि ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। यातायात माह में पुलिस विभाग की ओर से जिस सक्रियता के साथ अभियान चलाया गया है, उसी तत्परता से परिवहन विभाग भी अपनी जिम्मेदारी निभाए। दोनों विभाग आपसी समन्वय से नियमित अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करें। बैठक में बताया गया कि एक जनवरी से 31 अक्तूबर तक चलाए गए अभियान में करीब 607 लाख रुपये के चालान की धनराशि जमा कराई गई। वहीं जनपद में 13 एंबुलेंस, तीन पुलिस वाहन और एक फायर सर्विस वाहन समेत कुल 17 वाहनों की फिटनेस समाप्त हो चुकी है। इसके अलावा 31 स्कूली वाहन भी बिना वैध फिटनेस के हैं। इस पर डीएम ने एआरटीओ को निर्देश दिए कि सभी वाहनों का भौतिक सत्यापन कराकर नियमानुसार सीज करने की कार्रवाई की जाए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि पिछले एक वर्ष में जनपद में 20,477 वाहनों का पंजीकरण और 26,067 ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए गए हैं। चालकों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए जनपद में दो चालक प्रशिक्षण केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं। इनके संचालित होने के बाद स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने से पहले प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षण लेना अनिवार्य होगा। डीएम ने पर्यावरण संरक्षण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि निजी और व्यावसायिक इलेक्ट्रिक वाहनों के पंजीयन शुल्क व पंजीयन कर में शत-प्रतिशत छूट दी जा रही है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन पर पांच हजार और चारपहिया वाहन पर एक लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से स्वच्छ वातावरण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करने की अपील की। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विकास चंद्रा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी इज्या तिवारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *