बीएलओ घर- घर जाकर बदलेंगे मतदाताओं के अस्पष्ट व पुराने फोटो: डीएम
• निर्वाचन विभाग की अपील, बीएलओ को प्रदान करें आवश्यक सहयोग
कन्नौज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची में दर्ज अस्पष्ट (ब्लर), खराब अथवा अत्यंत पुराने फोटो बदले जाएंगे। इसके लिए बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा BLO-App वर्जन 9.04 के माध्यम से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोग के निर्देश पर बीएलओ घर- घर जाकर मतदाताओं के फोटो का सत्यापन करेंगे। सत्यापन के दौरान जिन मतदाताओं के फोटो अस्पष्ट, खराब या अत्यधिक पुराने पाए जाएंगे, उनके नवीनतम फोटो मौके पर ही मोबाइल से लेकर BLO-App के माध्यम से अपलोड किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में दर्ज प्रत्येक प्रविष्टि को सही, अद्यतन एवं प्रमाणिक बनाना है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी व विश्वसनीय हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि नए मतदाताओं, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा मतदाताओं को फार्म- 6 के साथ घोषणा पत्र देना अनिवार्य होगा। साथ ही आयु एवं जन्मतिथि के संबंध में घोषणा पत्र में अंकित 13 विकल्पों में से किसी एक विकल्प से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। आधार के संबंध में स्पष्ट किया गया कि आधार संख्या उपलब्ध कराने के साथ 12 विकल्पों में से किसी एक विकल्प का दस्तावेज देना अनिवार्य रहेगा। निर्वाचन विभाग ने आम मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, जिससे मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।


