सोना तस्करी में बरामद ब्रेजा कार कस्टम विभाग ने की सीज

सोना तस्करी में बरामद ब्रेजा कार कस्टम विभाग ने की सीज

करीब 10 किलोग्राम सोना बरामदगी का मामला, नेपाल से तस्करी के संभावित संबंधों की जांच जारी

तालग्राम/कन्नौज। करीब 10 किलोग्राम सोना बरामदगी के मामले में कस्टम विभाग ने कार्रवाई करते हुए बरामद ब्रेजा कार को रविवार को सीज कर दिया। यह कार 21 अगस्त की रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पुलिस की गाड़ी से टकरा गई थी। हादसे के बाद पुलिस द्वारा की गई तलाशी में कार से करीब 10 किलोग्राम सोना बरामद हुआ था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 करोड़ रुपये बताई गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि बरामद कार का पंजीकरण किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज है, जबकि घटना के समय कार को कोई दूसरा व्यक्ति चला रहा था। पुलिस और कस्टम विभाग की जांच में कार के रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों में आरोपी संदीप जायसवाल के पिता का मोबाइल नंबर भी मिला है। मामले में कस्टम विभाग के इंस्पेक्टर सचिन सिंह ने ब्रेजा कार को सीज किया। विभाग अब बरामद सोने के स्रोत और उससे जुड़े संभावित तस्करी नेटवर्क की जांच कर रहा है। साथ ही नेपाल से आवाजाही और सोना तस्करी के संभावित संबंधों को भी खंगाला जा रहा है। बताया गया है कि कार की जांच के दौरान नेपाल के पांच ओरियो बिस्किट पैकेट भी बरामद हुए हैं। इन सामानों की बरामदगी को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। कस्टम विभाग द्वारा पूरे मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है तथा सोने की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय ने बताया कि कस्टम विभाग के अधिकारियों द्वारा रविवार को ब्रेजा कार को सीज किया गया है। कार की जांच के दौरान उसमें से ओरियो के पांच बिस्किट पैकेट मिले। इसके बाद मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार को सीज कर दिया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *