तालग्राम – तिर्वा मार्ग पर दो बाइकें टकराईं , दो युवकों की मौत, किशोर घायल
तालग्राम – तिर्वा मार्ग पर दो बाइकें टकराईं , दो युवकों की मौत, किशोर घायल
—-तालग्राम-तिर्वा मार्ग पर महानगर गांव के पास हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे—
संजीव प्रजापति
तालग्राम/कन्नौज। कन्नौज के तालग्राम-तिर्वा मार्ग पर महानगर गांव के पास सोमवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक चालकों की मौत हो गई, जबकि एक 14 वर्षीय किशोर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं। महानगर गांव के पास सड़क किनारे पड़े मौरंग के ढेर के कारण भी हादसे की स्थिति बनी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। एक बाइक पर सवार किशोर मौरंग के ढेर में जा गिरा।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने रामपुर निवादा निवासी अतुल कश्यप (25) तथा अमोलर निवासी विक्रम उर्फ राजकमल जाटव (30) को मृत घोषित कर दिया। घायल किशोर का उपचार कराया गया। बताया गया कि अतुल कश्यप अपने फूफा बेचेलाल के घर तालग्राम आए थे। सोमवार देर शाम वह अपने 14 वर्षीय छोटे भाई मोहित के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान महानगर गांव के पास सामने से आ रही अमोलर निवासी विक्रम उर्फ राजकमल जाटव की बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रंजना पांडेय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अतुल सात भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके माता-पिता की पहले ही कैंसर के कारण मृत्यु हो चुकी है। वहीं विक्रम बकरी खरीदने-बेचने का काम करते थे। विक्रम के पिता राजपाल ने बताया कि उनकी बहू गोल्डी करीब तीन महीने पहले राजकमल को छोड़कर दूसरी शादी कर चुकी है। उनका तीन वर्षीय पुत्र प्रांशु राजकमल के पास रह रहा था। बच्चे की कस्टडी को लेकर गोल्डी ने थाने में शिकायत भी की थी। इसी मामले में राजपाल को थाने बुलाया गया था और जानकारी मिलने पर राजकमल भी वहां पहुंचे थे। बाद में बच्चे को लेकर घर लौटते समय वह हादसे का शिकार हो गए। थाना प्रभारी रंजना पांडेय ने बताया कि बच्चे की कस्टडी का फैसला न्यायालय करेगा। शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


