अलीपुर जलेसर व कटरी दुर्जनापुर में बनेंगे आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र
• खनिज फाउंडेशन न्यास निधि से 9.98- 9.98 लाख रुपये की लागत से होगा निर्माण
• मंत्री असीम अरुण ने हवन- पूजन के साथ दोनों केंद्रों का किया शिलान्यास

गुगरापुर, कन्नौज। विकासखंड गुगरापुर के अलीपुर जलेसर और विकासखंड कन्नौज की ग्राम पंचायत गदनपुर नरहा के मजरा कटरी दुर्जनापुर में आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाएंगे। रविवार को समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने हवन- पूजन के साथ दोनों केंद्रों का शिलान्यास किया। राज्य मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा की आधारशिला हैं। आधुनिक केंद्र बनने से बच्चों को सुरक्षित और बाल अनुकूल वातावरण मिलेगा। गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को भी शासन की योजनाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि भवन बच्चों की जरूरतों के अनुरूप बनाया जाए और जल निकासी समेत तकनीकी व्यवस्थाएं मजबूत हों। जिला खनन अधिकारी संदेश कुमार पटेल ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर 9.98 लाख रुपये खर्च होंगे। भवन में कक्ष, स्टोर, रसोई, बरामदा, शौचालय, हैंडवॉश, रैंप, सोलर पैनल, एलईडी लाइट और फर्नीचर की व्यवस्था होगी। इस दौरान सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास, एडीएम देवेंद्र सिंह समेत अधिकारी मौजूद रहे।

