हनुमान मंदिर में बुढ़वा मंगल की तैयारियां पूरी, आज होगा जबाबी कीर्तन
• कल बाबा का भव्य श्रृंगार, महाआरती और भजन गायक अमित धुर्वे की भजन संध्या

जलालाबाद, कन्नौज। बुढ़वा मंगल के उपलक्ष्य में कस्बे के प्रसिद्ध श्री दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर मंदिर परिसर में साज- सज्जा और अन्य तैयारियां तेज हो गई हैं। समिति के सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। श्री बजरंग सेवा समिति की ओर से प्रतिवर्ष बुढ़वा मंगल पर बाबा का भव्य श्रृंगार, महाआरती और विशाल जबाबी कीर्तन का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सोमवार को कार्यक्रम के पहले दिन विशाल जबाबी कीर्तन होगा। इसमें कमलेश्वरी कंचन छतरपुर (मध्यप्रदेश) और उनके जवाब में राजू रंगीला रायबरेली के बीच कीर्तन का मुकाबला होगा। मंगलवार को कार्यक्रम के दूसरे दिन श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद महाआरती होगी। वहीं, वागेश्वर सरकार के कृपापात्र भजन गायक अमित धुर्वे द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह है। समिति के सदस्यों ने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

