तालग्राम पुलिस ने पकड़ी करीब 300 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब

तालग्राम पुलिस ने पकड़ी करीब 300 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब

अंतर्राज्यीय शराब तस्करी का आरोप, एक अभियुक्त गिरफ्तार; कार से 493 बोतल/क्वार्टर शराब बरामद

संजीव प्रजापति
तालग्राम/कन्नौज। थाना तालग्राम पुलिस ने अंतर्राज्यीय अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी एवं परिवहन के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के कब्जे से करीब 300 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है। शराब के परिवहन में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर शिल्पा वर्मा के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक रंजना पाण्डेय के नेतृत्व में थाना तालग्राम पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 16 सितंबर 2026 को ग्राम तिसौली के पास कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोहित उर्फ मनवीर पुत्र दयानंद (31 वर्ष) निवासी ग्राम आंगपुर, थाना सूरज कुंड, जिला फरीदाबाद, हरियाणा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 120 बोतल मैजिक मोमेन्ट ग्रेन वोडका, 182 बोतल रॉयल ग्रीन, 96 बोतल रॉयल ग्रीन हॉफ तथा 95 क्वार्टर रॉयल ग्रीन बरामद किए। पुलिस के अनुसार कुल 493 अदद अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा करीब 300 लीटर और अनुमानित कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये है।

इसके अलावा पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद बरामद किए। शराब के परिवहन में प्रयुक्त कार संख्या UP21 BC 2701 को भी सीज किया गया है।

पूछताछ में हरियाणा से बिहार ले जाने की बात

पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह हरियाणा राज्य से कम कीमत में शराब खरीदकर बिहार राज्य में अधिक कीमत पर बेचता था। पुलिस के मुताबिक, इसी कारोबार से होने वाली आय से वह अपने और परिवार का जीवन-यापन करता था। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना तालग्राम में मु0अ0सं0 141/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम एवं धारा 207 एमवी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पहले भी दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मोहित उर्फ मनवीर के विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। इनमें थाना नौएडा सेक्टर-49 कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर में वर्ष 2019 का मुकदमा तथा थाना अरौल पश्चिमी, कमिश्नरेट कानपुर नगर में वर्ष 2026 का मामला शामिल है। तालग्राम थाने में दर्ज वर्तमान मुकदमे को भी उसके आपराधिक इतिहास में शामिल किया गया है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रंजना पाण्डेय, उपनिरीक्षक श्रीराम प्रजापति, उपनिरीक्षक तरुण प्रताप सिंह, मुख्य आरक्षी संजय सिंह, आरक्षी विष्णु, आनंद कुमार, धीरज कुमार, मानसिंह, केशचन्द्र, धीरेन्द्र बहादुर सिंह तथा आरक्षी अभिजीत प्रताप (चालक) शामिल रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *