हाईटेंशन लाइन के पोल के नीचे मिला किसान का शव, करंट लगने की आशंका से हड़कंप

हाईटेंशन लाइन के पोल के नीचे मिला किसान का शव, करंट लगने की आशंका से हड़कंप

खेत जाने की बात कहकर घर से निकले थे जगतराम; परिजनों ने बिजली के तार से करंट उतरने की जताई आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

संजीव प्रजापति
तालग्राम/कन्नौज। थाना तालग्राम क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान का शव हाईटेंशन लाइन के पोल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान 40 वर्षीय जगतराम शाक्य पुत्र स्व. राजाराम, निवासी मुंडला टिकुरियान, तालग्राम के रूप में हुई है। परिजनों ने हाईटेंशन लाइन के तार से करंट उतरने के कारण मौत होने की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार जगतराम मंगलवार दोपहर खेत जाने की बात कहकर घर से निकले थे। शाम के समय छिबरामऊ रोड स्थित एक निजी पेट्रोल पंप के पीछे हाईटेंशन लाइन के पोल के नीचे उनका शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना क्षेत्र में फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की जानकारी लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि जगतराम हाईटेंशन पोल के अर्थिंग तार के संपर्क में आने से करंट की चपेट में आ गए होंगे। परिजनों के अनुसार करंट लगने से उनके हाथ भी झुलसे हुए बताए गए हैं। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में अभी मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। बताया गया कि जगतराम पांच भाइयों में सबसे छोटे थे और खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार उनकी शादी के करीब एक साल बाद पत्नी उन्हें छोड़कर मायके चली गई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *