मां जहारा देवी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, दस हजार श्रद्धालुओं ने टेका माथा
मां जहारा देवी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, दस हजार श्रद्धालुओं ने टेका माथा
——रात 12 बजे कपाट खुलने के बाद शुरू हुआ मेला, सुबह चार बजे से दर्शन के लिए लगी कतारें; सुरक्षा व्यवस्था में जुटी पुलिस—–
तालग्राम/कन्नौज। भादों मास के प्रथम शनिवार को रोहली गांव स्थित प्रसिद्ध मां जहारा देवी मंदिर परिसर में आयोजित मेले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। करीब दस हजार श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में पहुंचकर माथा टेका और पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। शनिवार रात करीब 12 बजे मां जहारा देवी के कपाट खोले गए। इसके बाद हवन-पूजन के साथ मेले का शुभारंभ हुआ। रविवार सुबह करीब चार बजे से ही मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो शाम तक बनी रहीं। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन और पूजा-अर्चना करने के बाद मेले में जमकर खरीदारी की। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी रहीं। लोगों ने प्रसाद, पूजा सामग्री, खिलौने, घरेलू सामान सहित अन्य वस्तुओं की खरीदारी की। मेला प्रबंधक राजेश प्रताप ने बताया कि भादों मास का यह पहला शनिवार था और प्रथम मेले में ही करीब दस हजार श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंची। शाम तक श्रद्धालुओं का लगातार आना-जाना जारी रहा। उन्होंने बताया कि मेले में करीब 20 पैकेट गेहूं भी चढ़ाया गया।
सीओ ने किया मेले का निरीक्षण
मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए क्षेत्राधिकारी नगर शिल्पा वर्मा ने रोहली स्थित मां जहारा देवी मेले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी चेक की गई। सीओ ने पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी और सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिसकर्मी पूरे मेले में लगातार निगरानी करते नजर आए।
चार थानों की पुलिस रही तैनात
थाना तालग्राम प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडे ने बताया कि मेला परिसर में तालग्राम थाना पुलिस के साथ चार थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस बल लगातार मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहा है। उन्होंने बताया कि मेले में भीड़ के दौरान यदि कोई बच्चा किसी कारण से अपने माता-पिता से बिछड़ जाता है तो पुलिस द्वारा माइक से अनाउंसमेंट कराकर उसकी मदद की जाती है और बच्चे को उसके परिजनों से मिलवाया जाता है।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस अलर्ट
टीआई अरशद अली ने बताया कि मां जहारा देवी मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग और ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था की गई है। आने-जाने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया जा रहा है, जिसके बाद श्रद्धालुओं को मेला परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है। इससे मार्ग पर जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।



