रक्षाबंधन पर दिखी गंगा-जमुनी तहजीब, हिंदू बहन ने मुस्लिम भाई को बांधी राखी
रक्षाबंधन पर दिखी गंगा-जमुनी तहजीब, हिंदू बहन ने मुस्लिम भाई को बांधी राखी
चेयरमैन मोहसिन खान (जानू) को रागिनी शर्मा ने बांधी राखी, भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश
तालग्राम (कन्नौज)। नगर पंचायत तालग्राम में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। हिंदू बहन रागिनी शर्मा ने मुस्लिम भाई एवं नगर पंचायत तालग्राम के चेयरमैन मोहसिन खान (जानू) को राखी बांधकर भाई-बहन के अटूट प्रेम और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
रक्षाबंधन के अवसर पर नगर के विभिन्न वार्डों से हिंदू-मुस्लिम भाई-बहन के प्रेम और सौहार्द की कई सुंदर मिसालें सामने आईं। इसी क्रम में रागिनी शर्मा और चेयरमैन मोहसिन खान का भाई-बहन का रिश्ता लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
रागिनी शर्मा ने कहा, “चेयरमैन मोहसिन खान (जानू) जी मेरे भाई हैं। धर्म से बड़ा भाई-बहन का प्यार होता है। हम हर साल उन्हें राखी बांधते हैं।”
वहीं चेयरमैन मोहसिन खान ने कहा, “भाई-बहन का रिश्ता सिर्फ खून से तय नहीं होता, कभी-कभी यह दिल से बनता है और हमेशा के लिए भगवान का आशीर्वाद बन जाता है।”
इस अनोखे भाई-बहन के रिश्ते की चर्चा पूरे तालग्राम क्षेत्र में हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे रिश्ते समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करते हैं। यह आने वाली पीढ़ी के लिए भी एक सकारात्मक संदेश है कि मोहब्बत और रिश्ते मजहब की दीवारों से कहीं ऊपर होते हैं।


