आलू पर एमएसपी लागू करने की मांग, सपाइयों ने कलेक्ट्रेट पर दिया धरना
• जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा
कन्नौज। आलू किसानों को फसल का उचित एवं लाभकारी मूल्य दिलाने, आलू पर एमएसपी लागू करने और डीएपी व यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना- प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष मो. कलीम खान के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कन्नौज की अर्थव्यवस्था में आलू किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन उन्हें लागत के अनुरूप मूल्य नहीं मिल रहा है। किसान खाद के लिए भी परेशान हैं। पूर्व विधायक कल्यान सिंह दोहरे और अरविंद सिंह यादव ने कहा कि किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए प्रभावी खरीद व्यवस्था और बाजार हस्तक्षेप जरूरी है। पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी, वरिष्ठ नेता अनिल पाल, जय कुमार तिवारी, हुकुम सिंह यादव और हसीब हसन ने खाद की कालाबाजारी व जमाखोरी पर रोक लगाने की मांग की। प्रदेश उपाध्यक्ष मौलाना इरफानुल हक कादरी, राष्ट्रीय सचिव रामशंकर लोधी और प्रदेश सचिव आकाश शाक्य ने ठठिया आलू मंडी व तिर्वा किसान बाजार को पूरी क्षमता से संचालित करने की बात कही। संचालन जिला महासचिव रामसेवक राजपूत ने किया। धरने में बड़ी संख्या में किसान, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


