हिंदी दिवस पर छात्र-छात्राओं को हिंदी भाषा व भारतीय संस्कृति के प्रति किया जागरूक

हिंदी दिवस पर छात्र-छात्राओं को हिंदी भाषा व भारतीय संस्कृति के प्रति किया जागरूक

——एनसीसी के 15 कैडेट्स ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर बढ़ाया विद्यालय का गौरव, अंडर-17 बालिका वॉलीबॉल टीम ने भी हासिल किया प्रथम स्थान—-

संजीव प्रजापति
तालग्राम/कन्नौज। हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को ब्रज भूषण हजेला भारतीय इंटर कॉलेज, तालग्राम, कन्नौज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को हिंदी भाषा के महत्व तथा भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देश की संस्कृति, परंपरा और भावनाओं से जुड़ी भाषा है। विद्यार्थियों से हिंदी को अपनी पहचान बनाने तथा इसके प्रचार-प्रसार में योगदान देने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स की उपलब्धियों पर भी उन्हें सम्मानित किया गया। बताया गया कि 14 अगस्त से 23 अगस्त तक 103 बटालियन कानपुर में आयोजित एनसीसी कैंप में विद्यालय के कैडेट्स ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। कैंप के दौरान विद्यालय के 15 कैडेट्स ने पदक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। कक्षा 10 ‘अ’ की छात्रा अजरा बानो पुत्री इरशाद कुरैशी ने सेटअप, कल्चरल तथा खो-खो प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं कक्षा 10 ‘स’ की छात्रा स्वालेहा सादमीन पुत्री नदीम खान ने भी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी 15 एनसीसी कैडेट्स को उनकी उपलब्धि पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत तालग्राम के चेयरमैन मोहसिन खान उर्फ जानू खान एवं प्रधानाचार्य राकेश कुमार सरोज ने कैडेट्स को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

—-बालिका वॉलीबॉल टीम ने जनपद स्तर पर हासिल किया प्रथम स्थान—-

विद्यालय के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में 12 सितंबर को भारतीय इंटर कॉलेज कायमपुर, सौरिख, कन्नौज में आयोजित जनपद स्तरीय अंडर-17 बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का विद्यालय पहुंचने पर फूल-माला पहनाकर एवं मेडल देकर सम्मान किया गया। विद्यालय के व्यायाम शिक्षक अखिलेश कुमार प्रजापति को भी छात्राओं को बेहतर प्रशिक्षण देने और उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कुमार सरोज ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद और एनसीसी जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं। कार्यक्रम के दौरान सुनील कुमार राजपूत, श्रवण कुमार, राजीव कुमार, ललित शाक्य, दीपक कुमार, धर्मेंद्र सिंह, दाताराम, वरिष्ठ लिपिक रामेन्द्र सिंह, मुकेश सिंह, धनंजय पटेल, महेश पाल सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *