राष्ट्रीय लोक अदालत में 52,860 वाद निस्तारित, एक मामले में एक करोड़ दस लाख का समझौता

• न्यायाधीश ने लोक अदालत का किया शुभारंभ, वादकारियों के चेहरे पर आई मुस्कान

कन्नौज। राष्ट्रीय लोक अदालत में शनिवार को 52,860 वादों का निस्तारण किया गया। इसमें कुल 20 करोड़ 35 लाख 20 हजार 524 रुपये की धनराशि आदेशित की गई। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में एक मामले का एक करोड़ दस लाख रुपये में समझौता लोक अदालत का मुख्य आकर्षण रहा। उप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में नवीन न्यायालय परिसर में लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार झा समेत न्यायिक अधिकारियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बाह्य न्यायालय छिबरामऊ, ग्राम न्यायालय तिर्वा और प्रशासनिक कार्यालयों में भी लोक अदालत आयोजित हुई। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण की पीठासीन अधिकारी इंदु द्विवेदी के मार्गदर्शन में अंगद लाल बनाम एसबीआई जनरल इंश्योरेंस मामले का 1.10 करोड़ रुपये में निस्तारण हुआ। इसमें अधिवक्ता नवनीत मिश्रा और विजय कुमार अवस्थी का सहयोग रहा। जिला न्यायालय में संदर्भित 15,061 वादों में 1,523 का निस्तारण कर 6,80,61,299 रुपये अर्थदंड वसूला गया। प्रशासनिक स्तर पर 1,42,659 में से 51,337 वाद निस्तारित हुए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *