बीपीएचओ टीम ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का किया स्वागत
बीपीएचओ टीम ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का किया स्वागत
80 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाकर किया सम्मानित, वक्ताओं ने बढ़ाया मनोबल
कन्नौज। भारतीय प्रजापति हीरोज ऑर्गेनाइजेशन (बीपीएचओ) की जिला इकाई कन्नौज द्वारा जसोदा स्थित राधा वाटिका मैरिज लॉन में 12वां प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का संगठन के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर टॉपिक देकर मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, जिससे उनका आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजितराम प्रजापति, पूर्व अपर जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने संगठन द्वारा समाज के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की उन्होंने बताया कि भारतीय प्रजापति हीरोज ऑर्गेनाइजेशन के पदाधिकारियों ने पिछले कई दिनों से जिले के विभिन्न गांवों में जाकर प्रजापति समाज के लोगों से जनसंपर्क किया। इसी क्रम में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। समारोह में करीब 50 मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को अलग-अलग विषयों पर बोलने का अवसर भी दिया गया, ताकि उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिल सके। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सतीश प्रजापति, प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं भाजपा जिला महामंत्री जीतू प्रजापति, संरक्षक डॉ. मनोज प्रजापति, मंडल महासचिव अमित प्रजापति, आईटीआई सेल प्रभारी विकास प्रजापति, मीडिया प्रभारी संजीव प्रजापति, जिलाध्यक्ष संतराम प्रजापति, प्रमुख सलाहकार एवं शिक्षक संजीव प्रजापति, डॉ. अनुराग प्रजापति सहित संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला। संगठन के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत कर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।


