मां जहारा देवी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, करीब पांच लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
मां जहारा देवी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, करीब पांच लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
—–डीएम-एसपी ने मेला परिसर का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा; खोया-पाया व स्वास्थ्य शिविर को लेकर दिए निर्देश—-
संजीव प्रजापति
तालग्राम/कन्नौज। भादो मास के तीसरे शनिवार को रोहली गांव स्थित प्रसिद्ध मां जहारा देवी मेला श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से गुलजार रहा। सुबह छह बजे से ही दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मां के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। देर शाम तक मेले में श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा। मेला प्रबंधक के अनुसार, इस बार करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। मेले में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे मां जहारा देवी के दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन किए और इसके बाद मेले में लगी दुकानों से खरीदारी की। मेले में धार्मिक आस्था के साथ-साथ ग्रामीण परिवेश की रौनक भी देखने को मिली। खिलौने, प्रसाद, घरेलू सामान, खान-पान सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं।
- करीब दो हजार पैकेट गेहूं चढ़ावे में आया
मेला प्रबंधक अवनेन्द्र सिंह ने बताया कि मेले में करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है और शाम सात बजे तक श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहा। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं द्वारा मां के दरबार में करीब 2,000 पैकेट गेहूं चढ़ावे के रूप में अर्पित किया गया।उन्होंने बताया कि मेले में भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मेला समिति की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। यदि कोई छोटा बच्चा भीड़ में अपने माता-पिता से बिछड़ जाता है तो खोया-पाया केंद्र के माध्यम से उसकी जानकारी जुटाई जाती है तथा माइक से लगातार अनाउंसमेंट कराकर बच्चे को परिजनों से मिलाने का प्रयास किया जाता है।
- डीएम-एसपी ने लिया मेले की व्यवस्थाओं का जायजा
मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार रोहली गांव पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मां जहारा देवी मेले का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने मेला परिसर में बनाए गए पुलिस कैंप सहित श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए विभिन्न शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़ को देखते हुए खोया-पाया केंद्र और स्वास्थ्य सेवा के कैंप प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएं, ताकि किसी श्रद्धालु को परेशानी न हो डीएम-एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए।
- पूरे जनपद का पुलिस बल रहा तैनात
थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय ने बताया कि मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे जनपद से पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिसकर्मी लगातार मेला परिसर में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। भीड़ अधिक होने के बावजूद पुलिस की सतर्कता के चलते व्यवस्था को नियंत्रित रखा गया। उन्होंने बताया कि मेले में बनाए गए खोया-पाया केंद्र पर बिछड़े बच्चों और उनके परिजनों को मिलाने के लिए माइक से लगातार अनाउंसमेंट कराया गया। पुलिस टीम श्रद्धालुओं की सहायता के लिए भी लगातार सक्रिय रही। मेले में नायब तहसीलदार रामप्रकाश, पूर्व मेला प्रभारी राजेश प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय, मेला इंचार्ज शिव किशोर सहित पुलिस बल और प्रशासनिक कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मेले के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी। कुल मिलाकर मां जहारा देवी मेले में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का माहौल रहा। भारी भीड़ के बावजूद पुलिस-प्रशासन की सतर्कता और मेला समिति की व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से मां के दर्शन किए।



