कन्नौज में लूट का खुलासा: तीन आरोपी दबोचे, बाइक और तमंचे बरामद

• ठठिया थाना क्षेत्र में राहगीर से लूट की वारदात को दिया था अंजाम
• आरोपियों के अनुसार राहगीरों को लूटकर अपने शौक पूरे करने की बनाई थी योजना

कन्नौज। ठठिया थाना क्षेत्र के पिपरौली अंडरपास के पास युवक से बाइक और मोबाइल लूटने की घटना का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। ठठिया थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लूटी गई स्प्लेंडर प्लस बाइक, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त प्लेटिना बाइक, तीन तमंचे और चार कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, ईश्वापुर निवासी लोकेश ने दो सितंबर को ठठिया थाने में तहरीर दी थी। बताया था कि एक सितंबर की रात करीब 8:30 बजे पिपरौली अंडरपास के पास प्लेटिना बाइक सवार तीन अज्ञात लोगों ने उसकी स्प्लेंडर प्लस बाइक संख्या यूपी 74 वाई 0635 और वीवो वाई-20 मोबाइल छीन लिया। मामले में तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मंगलवार को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने पिपरौली अंडरपास से नरेन्द्र सिंह उर्फ श्याम (21), शिवम (22) और अभिलाष राजपूत (19), सभी निवासी बिल्हौर क्षेत्र, कानपुर नगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सुनसान स्थान पर राहगीरों को लूटकर सामान और रुपये से अपने शौक पूरे करने की योजना बनाई थी। पुलिस ने तमंचों और कारतूस की बरामदगी के मामले में अलग मुकदमा दर्ज कर तीनों को न्यायालय में पेश किया। मामले का पुलिस कार्यालय पर एसपी विनोद कुमार ने खुलासा किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *