सड़क दुर्घटना में किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
सड़क दुर्घटना में किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
कोल्ड स्टोरेज से घर लौटते समय ट्रक की चपेट में आया किसान, चालक-हेल्पर सहित ट्रक कब्जे में
तालग्राम/कन्नौज। थाना तालग्राम क्षेत्र के निकवा गांव के पास सोमवार शाम करीब पांच बजे सड़क दुर्घटना में 59 वर्षीय किसान की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, निकवा गांव निवासी 59 वर्षीय अशोक कुमार उर्फ भोले सोमवार शाम गांव के पास स्थित एक कोल्ड स्टोरेज से पैदल अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वह कोल्ड स्टोरेज से निकलकर तालग्राम-तेराजाकेट मार्ग पर पहुंचे, तभी अचानक एक ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घायल अशोक कुमार को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तालग्राम पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक खेती-बाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके दो पुत्र मनोज कुमार और राजीव कुमार उर्फ पिंटू हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पति की मौत से पत्नी शांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को चालक और हेल्पर सहित कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


