हसेरन में आवारा कुत्ते की दहशत, बुजुर्ग समेत दो को बनाया शिकार

आवारा कुत्ते की दहशत, बुजुर्ग समेत दो को बनाया शिकार

मुंह और गले में काटकर किया घायल, प्राथमिक उपचार के बाद तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर

पब्लिक न्यूज़ अड्डा से सुमित मिश्रा

हसेरन। कस्बा क्षेत्र में रविवार देर शाम एक आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों में दहशत फैल गई। कुत्ते ने सड़क पर खेल रहे एक मासूम बच्चे समेत दो लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों के मुंह और गले में कुत्ते ने काट लिया। परिजन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।बताया गया कि कस्बे के मोहल्ले में अजीत सक्सेना का छोटा बेटा रविवार देर शाम सड़क पर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के मुंह और गले में काटकर उसे घायल कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो कुत्ता वहां से भाग निकला।इसके बाद कुछ दूरी पर कुत्ते ने गांव के ही बुजुर्ग मूलचंद तिवारी पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उनके मुंह और गले में काटकर उन्हें भी घायल कर दिया। इसके बाद कुत्ता एक अन्य व्यक्ति की ओर भी झपटा और वहां से भाग गया।घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।ग्रामीणों का कहना है कि आवारा कुत्ता काफी आक्रामक है और अचानक लोगों पर हमला कर रहा है। घटना के बाद से कस्बे में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से आवारा कुत्ते को पकड़वाकर लोगों को राहत दिलाने की मांग की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *