स्वच्छता ही सेवा: डीएम- एसपी ने लोहिया पार्क में किया श्रमदान, दिया स्वच्छता का संदेश
• डीएम बोले साफ- सफाई प्रत्येक नागरिक की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी
कन्नौज। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे स्वच्छता एवं जन- जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने लोहिया पार्क में श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने पार्क परिसर में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान डीएम और एसपी ने स्वयं सफाई कार्य में भाग लेते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों और मौजूद नागरिकों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होने के साथ- साथ समाज में अनुशासन, सकारात्मकता और सभ्यता की भावना को भी मजबूत करता है। जिलाधिकारी ने लोगों से अपने घरों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ- सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना स्वच्छ और विकसित समाज की कल्पना संभव नहीं है। अभियान के तहत जिले के सभी थाना, चौकी एवं विभिन्न शाखाओं में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। थाना एवं कार्यालय परिसरों, बैरकों, आवासीय भवनों तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों की साफ- सफाई कर श्रमदान किया गया। साथ ही एकत्रित कूड़े-कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित कराया गया और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।


