तालग्राम में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल

तालग्राम में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल

सीएचसी के सामने हादसा, दो घायलों की हालत गंभीर होने पर तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर

तालग्राम (कन्नौज)। तालग्राम कस्बे में मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सामने दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालग्राम पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के नंदपुर गांव निवासी विमल पुत्र परसराम अपने साथी आशीष पुत्र रमेश चंद्र के साथ बाइक से तालग्राम की ओर जा रहे थे। बताया गया कि दोनों युवक पेट्रोल भरवाने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे तालग्राम सीएचसी के सामने पहुंचे, तभी तेरा-जाकेट मार्ग की ओर से तेज गति से आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार ललित पुत्र मालिकखान सिंह, निवासी चिरैया गांव, थाना किशनी, जनपद मैनपुरी भी हादसे में घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तीनों घायलों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालग्राम पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। विमल और आशीष की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया, जबकि तीसरे घायल ललित का उपचार सीएचसी तालग्राम में किया गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक अपने घायल साथी ललित को सीएचसी में छोड़कर बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बाइक चालक की तलाश की जा रही है।

हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही। स्थानीय लोगों ने मार्ग पर तेज गति से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *