कन्नौज में नौ वाहन चोर गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक आरोपी घायल

• पुलिस ने कब्जे से 10 बाइकें, अवैध तमंचे, मोबाइल फोन सहित आदि बरामद किया

कन्नौज। वाहन चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सौरिख पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 10 चोरी की मोटरसाइकिलें, चार मोटरसाइकिल इंजन, बड़ी मात्रा में कटे हुए बाइक पार्ट्स, पांच अवैध तमंचे, कारतूस और पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों में शामिल श्याम पुलिस हिरासत से भागने के प्रयास के दौरान हुई मुठभेड़ में घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। सौरिख थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह चौधरी के नेतृत्व में हरिभानपुर स्टेडियम के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने अन्य साथियों के जंगल में चोरी की मोटरसाइकिलों को काटने की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 10 मोटरसाइकिलें, चार इंजन, विभिन्न मोटरसाइकिलों के कटे हुए पार्ट्स, चार अवैध तमंचे, चार कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए। बरामदगी के आधार पर थाना सौरिख में संबंधित धाराओं तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी श्याम ने चार जुलाई को त्रिपाठी बुक डिपो से मोबाइल चोरी की घटना भी स्वीकार की। पुलिस के अनुसार मोबाइल बरामद कराने के लिए उसे मौके पर ले जाया गया, जहां उसने हिरासत से भागने का प्रयास किया और झाड़ियों में छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसके कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए। इस मामले में पुलिस मुठभेड़ एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने श्याम (औरैया), राजा उर्फ अभिजीत वर्मा उर्फ अंकित सोनी (औरैया), अनुज गुप्ता (इटावा), गोविंद गुप्ता (इटावा), जानू गुप्ता (इटावा), अमन (औरैया), अंकुर (औरैया), नागेश्वर (हरदोई) और शिवपाल (हरदोई) को गिरफ्तार कर कब्जे से 10 चोरी की मोटरसाइकिलें, 4 मोटरसाइकिल इंजन, विभिन्न मोटरसाइकिलों के कटे हुए पार्ट्स, 5 अवैध तमंचे, 6 जिंदा कारतूस व 2 खोखा कारतूस, 5 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस कार्यालय पर एसपी विनोद कुमार ने खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में वाहन चोरी, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। बताया कि यह शातिर बाइक चोर गैंग है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *