यूपी- टीईटी के मद्देनजर 4 की बजाय 6 जुलाई को होगा संपूर्ण समाधान दिवस
• निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा आयोजन को देखते हुए तिथि में हुआ बदलाव

कन्नौज। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी- टीईटी) के सफल, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित आयोजन को देखते हुए जनपद में 4 जुलाई 2026 (प्रथम शनिवार) को प्रस्तावित संपूर्ण समाधान दिवस की तिथि में बदलाव किया गया है। अब यह कार्यक्रम 6 जुलाई 2026 (सोमवार) को आयोजित होगा। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील सदर, कन्नौज में किया जाएगा। कार्यक्रम में सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान आमजन की शिकायतों और जनसमस्याओं की सुनवाई कर उनका गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए 6 जुलाई (सोमवार) को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर अपने प्रार्थना- पत्र प्रस्तुत करें तथा शासन की जनसमस्या निवारण व्यवस्था का अधिकाधिक लाभ उठाएं।

