कन्नौज में सपा नेताओं ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
• अखिलेश यादव व मुलायम सिंह के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट पर कार्रवाई की मांग

कन्नौज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा पूर्व रक्षा मंत्री स्व0 मुलायम सिंह यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां और दुष्प्रचार किए जाने के मामले में बुधवार को सपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष कलीम खान के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि ‘आजाद मुकेश पाल देशबंधु’ नामक फेसबुक आईडी के माध्यम से अखिलेश यादव और स्व. मुलायम सिंह यादव के संबंध में लगातार आपत्तिजनक, असत्य एवं मानहानिकारक पोस्ट साझा की जा रही हैं। ज्ञापन में कहा गया कि संबंधित फेसबुक आईडी से करीब 25 से 30 पोस्ट कर नेताओं की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है, जिससे सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।पूर्व सपा प्रत्याशी अनिल पाल ने कहा कि सोशल मीडिया पर वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ की जा रही कथित भ्रामक और मानहानिकारक टिप्पणियों के मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। जिलाध्यक्ष कलीम खान और पूर्व विधायक कल्यान सिंह दोहरे ने आरोप लगाया कि संबंधित पोस्ट पूरी तरह निराधार एवं मानहानिकारक हैं। उनका कहना था कि इस तरह की सामग्री से नेताओं की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के साथ ही आम जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। सपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित फेसबुक अकाउंट, वायरल वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित कराया जाए तथा आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान वरिष्ठ सपा नेता जय कुमार तिवारी ‘बऊअन’, सयुस के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन, वरिष्ठ सपा नेता रामभजन पाल एडवोकेट, अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष अरुण यादव, कुक्कू चौहान, अंशू पाल, शैलेन्द्र यादव एडवोकेट, भानू प्रताप एडवोकेट, गुफरान अहमद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

