जेल में रुद्राभिषेक कर बंदियों ने की सुख- समृद्धि की कामना

विधि- विधान से रुद्राभिषेक, भजन- कीर्तन एवं किया मंत्रोच्चार

जलालाबाद, कन्नौज। सावन माह के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर क्षेत्र के जिला कारागार कन्नौज में रुद्राभिषेक पूजा एवं भगवान शिव की आराधना का विशेष कार्यक्रम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। इसमें जेलर रविन्द्र नाथ सहित कारागार प्रशासन के अधिकारी- कर्मचारी और निरुद्ध बंदियों ने सहभागिता की। विधि- विधान से रुद्राभिषेक, पूजा-अर्चना, भजन- कीर्तन एवं मंत्रोच्चार किया गया। सामूहिक प्रार्थना में सभी ने सुख, शांति, सद्भाव और मानव समाज के कल्याण की कामना की। जेलर रविन्द्र नाथ ने कहा कि सावन में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है। ऐसे आध्यात्मिक आयोजन बंदियों में सकारात्मक सोच, आत्मचिंतन, संयम, अनुशासन और सदाचार की भावना विकसित करने में सहायक हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक गतिविधियां बंदियों को जीवन में सकारात्मक बदलाव और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। डिप्टी जेलर अजय कुमार एवं उर्मिला सिंह का विशेष सहयोग रहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *