जलभराव से मिलेगी राहत, टूटे क्रॉसर जाल हटाकर बनेंगी सीमेंट पुलिया
समधन में ईओ ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर लिया जायजा, दिए निर्देश

कन्नौज। समधन में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। सोमवार को अधिशासी अधिकारी दिव्या गुप्ता ने सब्जी मंडी, मेन सड़क समेत विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर नालों और नालियों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालों के ऊपर टूटे क्रॉसर जाल पड़े मिले। इस पर ईओ ने संबंधित कर्मचारियों को क्षतिग्रस्त जाल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर टूटे क्रॉसर जाल हटाकर उनके स्थान पर सीमेंटेड पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। इससे जलनिकासी सुचारु रहेगी और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या कम होगी। ईओ ने कहा कि नगर की साफ- सफाई और जलनिकासी व्यवस्था बेहतर बनाना प्राथमिकता है। नालों की नियमित सफाई के साथ जलभराव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। क्षतिग्रस्त स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक निर्माण कार्य कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ लिपिक राजेश वर्मा, दीपक श्रीवास्तव, कासिम खां, रियाज, मतलूब, सफाई नायक नरेश कुमार, नरेश चंद्र व सुनील कुमार सहित कर्मचारी मौजूद रहे।

