कांवड़ यात्रा: डीएम-एसपी ने परखी व्यवस्थाएं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर

• शिवभक्तों पर की पुष्पवर्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रम से भक्तिमय हुआ माहौल

कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने शुक्रवार को कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत बोर्डिंग ग्राउंड से बाबा गौरी शंकर मंदिर तक यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन, प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं को देखा तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जनपद हरदोई के बिलग्राम क्षेत्र से शिवभक्त कांवड़ यात्री कन्नौज पहुंचकर मेहंदी घाट से पवित्र गंगाजल लेकर बाबा गौरी शंकर मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को देखते हुए कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल एवं पीएसी की तैनाती की गई है। प्रमुख एवं संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। कांवड़ यात्रा मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखते हुए यातायात डायवर्जन व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाए। गंगा घाटों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए निर्धारित बैरिकेडिंग के भीतर ही श्रद्धालुओं की आवाजाही सुनिश्चित की जाए। घाटों पर गोताखोर, जल पुलिस एवं आवश्यक सुरक्षा कर्मी पूरी मुस्तैदी से तैनात रहें।उन्होंने यात्रा मार्ग एवं प्रमुख स्थलों पर साफ- सफाई, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त प्रकाश, मोबाइल शौचालय, चिकित्सा एवं एंबुलेंस सहित आवश्यक सुविधाएं सुचारु रखने के निर्देश दिए। सार्वजनिक उद्घोषणा के माध्यम से श्रद्धालुओं को समय-समय पर सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी देने को भी कहा। एसपी विनोद कुमार ने पुलिसकर्मियों को सुरक्षा, यातायात नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन में पूर्ण सतर्कता बरतने तथा श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं पर विशेष निगरानी रखने को भी कहा। श्रद्धालुओं के भव्य स्वागत के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा बोर्डिंग ग्राउंड में जेसीबी मशीन के माध्यम से शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई। पुष्पवर्षा एवं गीत-संगीत से वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो उठा। इसी क्रम में पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने मनमोहक गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और मनोरंजन के इस सुंदर संगम ने कांवड़ यात्रियों के स्वागत समारोह को भव्य एवं यादगार बना दिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *