इंदरगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 508 पेटी अवैध शराब बरामद
पब्लिक न्यूज़ अड्डा सुमित मिश्रा इंदरगढ़ कन्नौज




इंदरगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 508 पेटी अवैध शराब बरामद
हरियाणा/चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही थी शराब, तीन तस्कर गिरफ्तार
कन्नौज। जनपद में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदरगढ़ पुलिस, एसओजी/सर्विलांस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने एक ट्रक से किंगफिशर बीयर, रॉयल स्टैग और इंपीरियल ब्लू की कुल 508 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई 13 अगस्त 2026 को सुबह करीब 8:10 बजे की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महताब पुत्र अनवार निवासी आजाद नगर टीला, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा, उम्र करीब 24 वर्ष, मोहम्मद इमरान पुत्र मोहम्मद अफजल निवासी कबीरगंज, थाना कोतवाली इटावा, उम्र करीब 30 वर्ष और सलमान पुत्र शकील अहमद निवासी आजाद नगर, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा, उम्र करीब 26 वर्ष के रूप में हुई है।
ट्रक में छिपाकर ले जा रहे थे शराब
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से ट्रक संख्या UP75CT4884 बरामद हुआ, जिसमें 248 पेटी किंगफिशर बीयर, 126 पेटी रॉयल स्टैग और 134 पेटी इंपीरियल ब्लू मिलीं। कुल 508 पेटियों की बरामदगी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने का आरोप
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चंडीगढ़ से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर बिहार में डिलीवरी करते थे। बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां शराब को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने यह भी बताया कि प्राप्त रकम को आपस में बांट लेते थे।
मामले में थाना इंदरगढ़ में मु0अ0सं0 168/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तिर्वा कुलवीर सिंह के नेतृत्व में की गई। एसओजी/सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक त्रदीप सिंह, इंदरगढ़ थानाध्यक्ष विनोद कुमार कश्यप सहित एसओजी, सर्विलांस, थाना इंदरगढ़ और आबकारी विभाग की टीम कार्रवाई में शामिल रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब की अंतरराज्यीय तस्करी में सक्रिय गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

