मुख्यमंत्री डैशबोर्ड समीक्षा में डीएम के कड़े तेवर, कमजोर विभागों को तीन दिन में सुधार के निर्देश

असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर सीएमओ से स्पष्टीकरण तलब, एडीओ पंचायत छिबरामऊ का वेतन रोकने के निर्देश

कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड दर्पण पोर्टल और आईजीआरएस की समीक्षा बैठक में कमजोर प्रदर्शन वाले विभागों पर कड़ा रुख अपनाया। जुलाई 2026 की रैंकिंग में कन्नौज विकास कार्यों में 60वें और राजस्व कार्यों में 62वें स्थान पर रहा, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई। सीटी स्कैन सेवाओं में 56वीं रैंक आने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जांच रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। संरक्षित निराश्रित गोवंश सुपुर्दगी में 58वीं रैंक पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को अंतिम चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2, नई सड़कों के निर्माण, आईसीडीएस पोषण अभियान, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, पारिवारिक लाभ योजना और फैमिली आईडी में मिशन मोड पर सुधार करने को कहा। आईजीआरएस समीक्षा में सीएमओ से जुड़े छह मामलों में असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर स्पष्टीकरण तलब किया गया, जबकि एडीओ पंचायत छिबरामऊ का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। डीएम ने चेतावनी दी कि ई-ऑफिस पर लॉगिन न करने वाले अधिकारियों का वेतन भी रोका जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *