गौशालाओं का निरीक्षण करने पहुंचे सीडीओ, व्यवस्थाओं को परखा
• पुरसा गौशाला में सूखा भूसा और गंदगी मिलने पर लगाई फटकार
जलालाबाद, कन्नौज। मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र श्रीवास ने सोमवार को विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत अनौगी स्थित गौशाला तथा जसपुरापुर सरैया के पुरसा गौशाला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अनौगी गौशाला में 176 तथा पुरसा गौशाला में 228 गौवंश पाए गए।सीडीओ ने दोनों गौशालाओं में गौवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, दाना, स्वच्छ पेयजल तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अनौगी गौशाला में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों की सराहना की। वहीं ऋषि राज स्वदेशी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित पुरसा गौशाला में चलनी में सूखा भूसा तथा परिसर में गंदगी मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने एनजीओ संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि सुधार न होने पर अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। खंड विकास अधिकारी उमाशंकर साहू ने भी एनजीओ संचालक को गौवंश के लिए हरा चारा, स्वच्छ पानी और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 12 अगस्त को वह स्वयं पुनः निरीक्षण करेंगे और यदि व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं मिला तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एडीओ पंचायत लक्ष्मीराज यादव, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सी.पी. सिंह, सचिव प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


