गंगा की संभावित बाढ़ को लेकर डीएम- एसपी ने किया निरीक्षण
- कासिमपुर और मेहंदी घाट का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव तैयारियों का लिया जायजा
कन्नौज। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने ग्राम कासिमपुर और मेहंदी घाट का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कासिमपुर में डीएम ने गंगा तट पर रह रहे परिवारों से राशन, आवास, बिजली, पेयजल और शिक्षा संबंधी जानकारी ली। ग्रामीणों ने निःशुल्क राशन और सोलर प्लेटों से बिजली सुविधा मिलने की जानकारी दी। गंगा कटान से प्रभावित 30- 40 परिवारों का तत्काल सर्वे कराने तथा पात्र लोगों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर विस्थापन, राहत शिविरों में खाद्यान्न, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मेहंदी घाट पर सुरक्षा बैरिकेडिंग, पर्याप्त पुलिस बल और गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, एसडीएम सदर वैभव गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


