पौराणिक एवं धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र मां शीतला धाम सियरमऊ का होगा सौंदर्यीकरण

  • मंत्री असीम अरुण के प्रस्ताव को पर्यटन विभाग ने दी सौंदर्यीकरण योजना को मंजूरी

कन्नौज। जनआस्था के प्रमुख केंद्र ब्लॉक जलालाबाद के सियरमऊ स्थित मां शीतला धाम मंदिर का जल्द ही कायाकल्प होगा। पर्यटन विभाग ने मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक जनसुविधाओं के विकास की योजना को मंजूरी दे दी है। समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के प्रस्ताव पर मिली इस स्वीकृति के बाद मंदिर परिसर को अधिक भव्य, दिव्य और सुविधायुक्त बनाया जाएगा। मां शीतला धाम जिले के प्रमुख पौराणिक और धार्मिक स्थलों में शामिल है। चैत्र और शारदीय नवरात्रि के अलावा विभिन्न धार्मिक आयोजनों के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन- पूजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए लंबे समय से यहां मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि मां शीतला धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। पर्यटन विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण कर इसे और अधिक आकर्षक तथा सुविधाजनक बनाया जाएगा। परियोजना के तहत मंदिर परिसर, प्रवेश द्वारों और पैदल मार्गों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विश्रामालय, पेयजल व्यवस्था और आधुनिक शौचालय ब्लॉक का निर्माण होगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हाईमास्ट और सोलर लाइटें लगाई जाएंगी, साथ ही पूरे परिसर में सीसीटीवी निगरानी प्रणाली स्थापित की जाएगी। इसके अलावा नवरात्रि मेले के दौरान लगने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाया जाएगा और पार्किंग की समुचित व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पर्यटन विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही परियोजना के धरातल पर उतरने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों का मानना है कि मंदिर के विकास से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *